24 घंटों में देशभर में कोरोना वायरस से 469 मौतें, केजरीवाल ने कहा लॉकडाउन पर विचार नहीं

देश में कोरोना वायरस के मामले अब काफी तेजी से बढ़ रहे हैं | एक लंबे समय बाद और इस साल पहली बार नए मामले 81,000 से ज्यादा सामने आए हैं| पिछले 24 घंटों में देशभर में कोरोना वायरस से 469 मौतें हुई हैं| ये आंकड़ा भी इस साल पहली बार इतना ऊपर गया है| इसी के देखते हुए पुणे में कल यानी 3 अप्रैल से शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक 12 घंटे का नाइट कर्फ्यू रहेगा और 1 हफ्ते बाद स्थिति की समीक्षा की जाएगी. बार, होटल, रेस्टोरेंट सब बंद रहेंगे| वहीं आने वाले 100 दिनों में पुणे में 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी को कोरोना वैक्सीन भी लगाई जाएगी| दिल्ली में कोरोना की चौथी लहर चल रही है| हालांकि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा है कि लॉकडाउन पर विचार नहीं किया जा रहा है| कोरोना के संक्रमण को देखते हुए यूपी सरकार ने भी कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 11 अप्रैल तक बंद करने के निर्देश दिए गए हैं. पहले यह 4 अप्रैल तक ही था| कोरोना वायरस से जुड़े अपडेट्स के लिए इस पेज पर बने रहें|
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में लॉकडाउन नहीं लगेगा| उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोरोना की चौथी लहर है| 16 मार्च को 425 केस थे, आज 3 हजार 583 केस आएंगे. दिल्ली में तेजी के साथ कोरोना मामले बढ़ रहे हैं, जो चिंता की बात है| इस बार की लहर पिछली लहर से कम गंभीर है| ICU में अक्टूबर के मुकाबले आज कम मरीज भर्ती हो रहे हैं, तब 40 मौतें हो रही थीं, आज 10 मौत हो रही हैं. सरकार लॉकडाउन का विचार नही कर रही है|
